Site icon VED KHABAR

Delhi Blast News Update: दिल्ली में बड़ा धमाका, लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास कार में विस्फोट, 10 की मौत, कई घायल

Delhi Red Fort Metro Station Blast News Update

Delhi Blast News Update: देश की राजधानी दिल्ली में लाल किले मेट्रो के पास हुआ ब्लास्ट

Delhi Red Fort Metro Station Blast News Update: आज एक बहुत ही दुखद घटना दिल्ली में घटी है. देश की राजधानी दिल्ली में लाल किले मेट्रो के पास खड़ी एक कार में शाम को धमाका हो गया. धमाके के बाद पूरी दिल्ली अलर्ट है.

दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास शाम खड़ी एक कार में जबरदस्त धमाका हुआ, जिसमें 10 लोगों की मौत और 24 से अधिक लोग घायल हुए. धमाका इतना.तेज था कि आसपास खड़ी कई गाड़ियां जल गईं और इलाके में दहशत फैल गई. घायलों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

दिल्ली में सोमवार शाम एक बड़ा धमाका हुआ जिसने पूरे इलाके में दहशत फैला दी. लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर 1 के पास खड़ी एक कार में अचानक विस्फोट हो गया. धमाका इतना जोरदार था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और आसपास खड़ी कई गाड़ियों में भी आग लग गई. धमाके की आवाज दूर तक सुनाई दी, जिससे लोग घबराकर बाहर निकल आए.

अब तक मिली जानकारी के अनुसार इस घटना में 10 लोगों की मौत हो चुकी है और 24 से ज्यादा लोग घायल हैं. सभी घायलों को तुरंत एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर है. घटना के तुरंत बाद दिल्ली पुलिस, एनआईए, एनएसजी और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच गईं और इलाके को सील कर दिया गया. आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि विस्फोट की असली वजह पता चल सके.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने घटना की जानकारी ली है. गृह मंत्रालय ने पूरे दिल्ली में हाई अलर्ट जारी कर दिया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एलएनजेपी अस्पताल पहुंचे और घायलों से मुलाकात की. इसके बाद वे घटनास्थल का भी निरीक्षण करेंगे.

धमाके की गंभीरता को देखते हुए NIA ने जांच की कमान संभाल ली है. क्राइम ब्रांच की टीम भी मौके पर मौजूद है. इस बीच हरियाणा और महाराष्ट्र में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है. दिल्ली से सटे गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और झज्जर में विशेष निगरानी के आदेश दिए गए हैं. महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री ने पुलिस और खुफिया एजेंसियों को पूरी सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं.

दिल्ली पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा के अनुसार, शाम करीब 6:52 बजे कार ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी थी, तभी उसमें विस्फोट हुआ. आसपास खड़ी कई और गाड़ियों को भी नुकसान पहुंचा. फिलहाल विस्फोट की वजह स्पष्ट नहीं है. यह पता लगाया जा रहा है कि धमाका CNG सिलेंडर की वजह से हुआ या किसी अन्य विस्फोटक पदार्थ का इस्तेमाल किया गया.

इस धमाके के बीच फरीदाबाद में 2900 किलो अमोनियम नाइट्रेट मिलने की घटना ने भी सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है. हालांकि दोनों घटनाओं को जोड़ने की बात अभी जांच के बाद ही स्पष्ट होगी. अमोनियम नाइट्रेट वही रसायन है जिसका इस्तेमाल विस्फोटक बनाने में किया जाता है.

फिलहाल पूरे पुराने दिल्ली क्षेत्र में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और चांदनी चौक बाजार सहित आसपास की सड़कों पर आवागमन रोक दिया गया है. जांच जारी है और पुलिस हर कोण से सुराग तलाश रही है.

बेहद दर्दनाक और चिंताजनक- राहुल गांधी

राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट में कहा, “दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की ख़बर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है. इस दुखद हादसे में कई निर्दोष लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. इस दुख की घड़ी में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा हूं और उनको अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं.”

वाराणसी में भी अलर्ट

वाराणसी में भी दिल्ली की घटना के बाद जिला प्रशासन पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह अलर्ट मोड में है. पुलिस सीनियर अधिकारियों के नेतृत्व में सघन चेकिंग अभियान चला रही है. रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म पर सुरक्षा की दृष्टि से चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस फोर्स तैनात किया गया है.

Exit mobile version